शहीद कमल भाकुनी को दी गई अंतिम विदाई, सांई नदी संगम में हुआ अंतिम संस्का
सोमेश्वर। तीन दिन पूर्व मणिपुर में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हुए बूंगा गांव के सैनिक कमल सिंह भाकुनी का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। सोमेश्वर के शमशान घाट में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, तहसीलदार खुशबू पांडे, कुमाऊं रेजीमेंट के सीओ आयुष फिलिप्स, थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह आदि ने पुष्प चक्र अर्पित कर कमल को अंतिम विदाई दी। बूंगा गांव से 4 किलोमीटर दूर सोमेश्वर तक पैदल शव यात्रा निकली। जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर कौसानी से पहुंची सिग्नल कोर के जवानों और पुलिस की सशस्त्र टीम ने अंतिम सलामी दी और सेना की ओर से पुष्प चक्र अर्पित किए।जबकि कमल के बड़े भाई प्रदीप भाकुनी ने मुखाग्नि दी। इस दौरान शहीद कमल सिंह भाकुनी अमर रहे के नारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा।
सेना के जवानों की टीम कमल सिंह भाकुनी के पार्थिव शरीर को मणिपुर से लेकर चनौदा पहुंचे। वहाँ से पार्थिव शरीर को बूंगा गांव ले जाया गया। जहां उसके माता-पिता, भाई और अन्य परिजन पार्थिव शरीर को देख बेसुध हो गए। सभी लोगों ने 24 वर्षीय कमल सिंह भाकुनी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
शव यात्रा में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा की पत्नी रेणू टम्टा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन भंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंजली जोशी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालम भाकुनी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र कैड़ा, राजू भट्ट, किशोर नयाल, चंदन सिंह बिष्ट, पुष्कर मेहता, संतोष कुमार, आदि मौजूद रहे।