लालकुआं (नैनीताल)

लालकुआं तहसील क्षेत्रांतर्गत आकृति नेचुरल प्रोडेक्ट प्लांट के भीतर बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर अवैध रूप से उपखनिज निकाले जाने और उन गड्ढों में पेपर मिल की केमिकल युक्त राख भरे जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद प्रशासनिक कार्यवाही को लेकर अब तमाम सवाल उठने लगे हैं।
विगत दिनों हल्दूचौड़ स्थित आकृति नेचुरल प्लांट में बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर उपखनिज निकालकर उन्हें पेपर मिल की केमिकल युक्त राख भरे जाने का मामला मीडिया के माध्यम से सामने आया था। जिसके बाद जिला प्रशासन और खनन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान प्लांट परिसर में बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर उनमें से उपखनिज निकाले जाने और उन गड्ढों को पेपर मिल की केमिकल युक्त राख से भरे जाने का गंभीर मामला सामने आया था। पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाए जाने से संबंधित यह संवेदनशील मामला पाए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं।
वहीं इस मामले में जिम्मेदार विभागों की उदासीनता को लेकर क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और समाजसेवियों में खासा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से प्लांट संचालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। साथ ही ऐसा ना होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
वहीं उपजिलाधिकारी लालकुआं तुषार सैनी ने कहा कि प्रशासन ने छापेमार कार्यवाही की थी जिसमें परिसर में खोदे गए गड्ढों में केमिकल युक्त राख भारी पाई गई जिसकी जांच हेतु एनजीटी को लिखा गया है। साथ ही खनन विभाग द्वारा भी प्लांट परिसर में खोदे गए गड्ढों की पैमाईश कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई। उन्होंने कहा शासन से निर्देश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


