उत्तराखंड में सरोजिनी नायडू के जीवन पर आधारित फिल्म *सरोजिनी* की शूटिंग प्रारंभ :-
सरोजिनी नायडू के जीवन पर आधारित *सरोजिनी* फिल्म की शूटिंग देहरादून उत्तराखंड में शुरू हो गई है। सरोजिनी नायडू की इस बायोपिक में बॉलीवुड अभिनेत्री *इंदिरा तिवारी* केंद्रीय भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग देहरादून के आर्केडिया टी एस्टेट, प्रेमनगर. में जोरों पर है। फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश और अल्मोडा में 45 दिनों तक चलेगी।
फिल्म के रिसर्च टीम से जुड़े क्रिएटिव प्रोड्यूसर ” भूपेश जोशी ने बताया कि इंदिरा तिवारी जो गंगूबाई काठियावाड़ी, बस्तर और सीरियस मैन में अपनी भूमिकाओं से पहचानी जाती हैं, उन्हें सरोजिनी नायडू के रूप में देखा जा सकता है। यह फिल्म कवि से राजनेता बनी सरोजिनी नायडू की जीवन के अज्ञात तथ्यों को उजागर करने का वादा करती है।
फिल्म का मुहूर्त शॉट संस्कृति राज्य मंत्री मधु भट्ट के द्वारा संपन्न हुआ। फिल्म में सरोजिनी के सहयोगी और सहायक चरित्रों की प्रभावी भूमिका में स्थानीय कलाकारों का काम उल्लेखनीय है। उत्तराखंड के कलाकारों और तकनीशियनों के लिए यह एक उचित प्लेटफॉर्म है जो उनकी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है।
चरण सुवर्णा और हेमंत कुमार द्वारा निर्मित फिल्म के निर्देशक हैं विनय चंद्र एस जो दक्षिण के एक प्रसिद्ध संगीतकार हैं। फिल्म में जरीना वहाब और हितेन तेजवानी के साथ दक्षिण भारतीय स्टार सोनल मोंटेइरो भी युवा सरोजिनी की भूमिका में हैं। अन्य भूमिकाओं में पद्मजा नायडू के रूप में सबरीना खान, महात्मा गांधी के रूप में गुरमुख दानवानी, गोखले के रूप में हितेन शाह शामिल हैं। यह फिल्म हेमंत एंटरप्राइजेज और विसिका फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत की गई है।


