
देहरादून। कोविड को लेकर उत्तराखंड में भी सिस्टम अलर्ट कर दिया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। चार धाम यात्रा के चलते विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कुछ राज्यों में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से उत्तराखंड सरकार भी सतर्क हो गई हैं। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) व एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) की ओर से कोविड रोकथाम के लिए राज्य को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने को कहा है।
कुछ दिनों से महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस समय प्रदेश में चारधाम यात्रा संचालित होने के साथ पर्यटन सीजन भी है। यात्रा में सबसे अधिक तीर्थयात्री इन्हीं राज्यों से आ रहे हैं। इसके अलावा दुनिया के हर कोने से लोग यात्रा में पहुंच रहे हैं। सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि कोविड प्रबंधन और रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।


