
अमेठी। आराम करने के लिए दूल्हे के चारपाई मांगने पर ससुर इस कदर भड़क गए कि बेटी को विदा करने से ही साफ इंकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर मामला थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस के समझाने पर भी कोई नतीजा नहीं निकला। आखिरकार दूल्हे को बगैर दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
मामला अमेठी बाजार शुकुल क्षेत्र के जौदिल मऊ गांव का है। सोहनलाल रैदास की बेटी निशा की शादी भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी तिलक राम से तय हुई थी। शुक्रवार, 23 मई को धूमधाम के साथ बरात गांव पहुंची। घरातियों ने बरातियों का स्वागत किया। द्वारपूजा समेत सभी वैवाहिक रस्में मंगल गीतों के बीच संपन्न हुईं। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा तिलकराम ने ससुर से कुछ देर आराम करने के लिए चारपाई मांग ली। इस पर ससुर सोहनलाल नाराज हो गए। मामूली सी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सोहनलाल ने बेटी की विदाई करने से इंकार कर दिया। रिश्तेदारों ने मामले को शांत कराने और विदाई करवाने की भरसक कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।


