डीके तिवारी पुलिस पेंशनर कल्याण समिति के अध्यक्ष बने

काशीपुर। पुलिस पेंशनर कल्याण समिति की मासिक बैठक में सेवानिवृत्त थानेदार डीके तिवारी को अध्यक्ष चुना गया। जबकि हरिओम सिंह महामंत्री व रमेश बिष्ट खजांची चुने गए।
उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में समिति के संरक्षक शरद शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा ने अपना त्यागपत्र सौंप दिया।
चुनाव अधिकारी शर्मा के निर्देशानुसार समिति की नई कार्यकारिणी के चुनाव की घोषणा की गयी। बैठक में सुरेश जोशी ने अध्यक्ष पद के लिए डीके तिवारी के नाम का प्रस्ताव रखा। श्यामलाल कश्यप व वीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने तिवारी के नाम का अनुमोदन किया। जबकि उपाध्यक्ष पद पर अम्वादत्त मंदोली, महामंत्री पद पर हरिओम सिंह, खजांची पद पर रमेश चंद्र विष्ट, सचिव पद पर ग्रीश जोशी व संचारप्रभारी पद के लिए महेश चन्द्र शर्मा चुने गए।

सामूहिक विवाह समारोह में परिणय सूत्र में बधे 31 युगल… मां बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था करा चुकी है 181 कन्याओं का विवाह

काशीपुर। मां बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के बैनर तले 31 गरीब कन्याएं परिणय सूत्र में बंधीं। संस्था की ओर से उन्हें जरूरत की चीजें उपहार स्वरूप देकर विदा किया गया।
आज सुबह रामलीला मैदान से घोड़ों पर सवार 31 दूल्हों की बारात निकाली गई। बारात की अगुवाई बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के अध्यक्ष आनंद कुमार व पार्षद अनिल कुमार आदि ने की। चैती मैदान स्थित विवाह मंडप में पहुंचने पर बारात का स्वागत किया गया। आठवें सामूहिक विवाह समारोह में संस्था के धार्मिक कार्यक्रम प्रमुख पंडा विकास अग्निहोत्री की देखरेख में 31 पुरोहितों ने वैदिक विधि विधान के साथ वर-वधू के फेरे सम्पन्न करवाए। संस्था की ओर से प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप घरेलू उपयोग में आने वाले 25 उपहार दिए गए।

इस दौरान समाजसेवी स्व- बाबूराम की पत्नी लज्जावती समेत यहां कार्यक्रम प्रंबधक व पार्षद अनिल कुमार, पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा, खिलेन्द्र चौधरी, गुरविंदर सिंह चण्डोक, दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, अमित सिंह, रमेश चंद्र शर्मा, विजय चौधरी, प्रमोद कुमार शर्मा, विमल गुड़िया, अनिता काम्बोज, प्रधानाचार्य ब्रृजेश कुमार गुप्ता, अजय शंकर कौशिक, कौशलेश गुप्ता, वैशाली गुप्ता, महंत लखनदास, राघवेन्द्र नागर, अनुज सिंघल, कैलाश प्रजापति अदि तमाम गणमान्य व्यक्ति वहां पहुंचे तमाम लोगों ने वर वधू को आशीर्वाद दिया।
संस्था के अध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि उनके पिता प्रापर्टी डीलर बाबूराम ने सामूहिक विवाह समारोह की शुरुआत की थी, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह बारात प्रस्थान के साथ हुई, जिसके बाद स्नेह भोज और जयमाला कार्यक्रम का आयोजन दोपहर तक चलता रहा। विवाह के उपरांत वर-वधू पक्ष को विवाह प्रमाण पत्र भी दिये गए। वहां महासचिव सुरेश शर्मा, धर्मेंद्र तुली, एके वर्मा, आकाश गर्ग, अलिया आदि मौजूद थे।

चैती परिसर में शनिवार को परिणय सूत्र में बधेंगे 31 नवयुगल….बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था अब तक करा चुकी हैं 150 शादियां


काशीपुर। बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के बैनर तले 01 नवंबर को 31 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह होगा। बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था (रजि.) के अध्यक्ष आनंद कुमार एडवोकेट ने बताया कि शनिवार, 01 नवंबर (देव उठान एकादशी) को धूमधाम से 31 गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था अब तक करीब 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करा चुकी है। विवाह समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। एडवोकेट आनंद ने बताया कि काशीपुर में जसपुर खुर्द स्थित बांसियोंवाला शिव मंदिर समिति की ओर से वर्ष 2007 में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। तत्कालीन समिति के अध्यक्ष सुधीर चन्द्र आढ़ती की देखरेख में वर्ष 2010 तक हर वर्ष 11 गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाता रहा था। इन सभी आयोजनों में बाल सुन्दरी संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्व. बाबूराम जी का भी हमेशा सहयोग रहता था। समिति अध्यक्ष सुधीर चन्द्र के निधन के उपरांत समिति ने यह आयोजन बंद कर दिया था। तत्पश्चात समिति की प्रेरणा से उनके पिता वरिष्ठ समाजसेवी स्व. बाबूराम जी ने सर्वप्रथम चैती मेला परिसर में 22 नवम्बर 2015 को 21 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर इस शुभ कार्य की शुरूआत की थी। इस बार संस्था का यह आठवां आयोजन है। संस्था अब तक 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करवा चुकी है।

किसानों को दी गन्ना बुवाई और कीट नियंत्रण की जानकारी कुंडेश्वरी में गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र की गोष्ठी संपन्न

काशीपुर। गन्ना उत्पादन की तकनीक, प्रजातियों के चयन, रोग एवं कीट नियंत्रण के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए कुंडेश्वरी में गोष्ठी हुई।
गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र की ओर से शुक्रवार को काश्तकार रणधीर सिंह के आवास पर कृषक गोष्टी का हुआ आयोजन हुआ। गोष्टी को संबोधित करते हुए गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार ने किसानों को गन्ना बुवाई के टिप्स दिए। कहा कि किसान उत्तम बीज का चुनाव करें। प्रत्येक गन्ना कृषक अपनी खेत का निरीक्षण करें तथा जो भी बीमारी के लक्षण उसमें पाए जाए उसका फोटो लेकर गन्ना शोध केंद्र के वैज्ञानिकों से सलाह लें। गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर संजय सिंह ने अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वर्तमान में अगेती प्रजाति को पंत 12221, को शा 17231 , 13235,19331, सामान्य प्रजाति 12226 व 132224 के बारे में बताया। उन्होंने भूमि की जांच के बाद खेत और बीज के ट्रीटमेंट के बारे में भी जानकारी दी। वैज्ञानिक डॉक्टर सिद्धार्थ कश्यप ने कीट प्रबंधन के बारे जानकारी दी। कहा कि भूमि में 16 प्रकार के सूक्ष्म पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन पोषक तत्वों को बनाए रखने के लिए जैविक खादों का उपयोग करें। उन्होंने फंगस, दीमक जैसी बीमारियों तथा उसमें प्रयोग की जाने वाली दवाईयां तथा उनको गन्ने की वैज्ञानिक विधि के बारे में भी जानकारी दी। बाजपुर चीनी मिल के सीसीओ अरुण सेमवाल ने गन्ना आपूर्ति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए पेराई सत्र की घोषणा कर दी जाएगी। वहां एससीडीआई बीरेंद्र चौधरी, सीडीआई राकेश सिंह, सचिव सुरेन्द्र सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक अनवर हुसैन व उस्मान अली के अलावा गन्ना काश्तकार आरडी खान, समरपाल चीमा, ओमपाल चौधरी, आरडी सिंह, ओमपाल चौधरी, गजेंद्र चौधरी, पान सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

आखिर कौन रच रहा है डीजी सूचना के खिलाफ षडयंत्र??..जांच के लिए पुलिस को सौंपी तहरीर

आखिर कौन रच रहा है डीजी सूचना के खिलाफ षडयंत्र??
एसएसपी ने जांच के लिए पुलिस को सौंपी तहरीर

देहरादून। इन दिनों राज्य के सूचना निदेशक के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है। इससे आहत सूचना निदेशक ने पुलिस को तहरीर देकर इस षडयंत्र में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी एक तहरीर में कहा है कि आपके संज्ञान में लाना है कि कतिपय लोगो द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक पर मेरी छवि को धूमिल करने की साजिश के तहत्त अनर्गल आरोप (छायाप्रति संलग्न) बिना किसी तथ्य व सबूत के लगाये जा रहे है, जिससे सामाजिक रूप से मेरी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। तिवारी की छवि एक अनुभवी व सौम्य अधिकारी की है। जिसके चलते सरकार का उनपर भरोसा है। प्रशासनिक निर्णयों के चलते तिवारी इन दिनों निशाने पर है। तिवारी ने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफार्म का दुरुपयोग किया जा रहा है। साजिश के तहत तथ्यों से हटकर उनपर निराधार आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक शॉप से विद्युत उपकरण चोरी करने का आरोपी दोषमुक्त

काशीपुर। इलेक्ट्रॉनिक शॉप से विद्युत उपकरण चोरी करने के आरोपी को प्रथम एसीजे (जू. डि) कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया।
16 नवंबर, 2014 को समीर सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाजपुर रोड पर उनकी ऑरबिट इलेक्ट्रॉनिक के नाम से दुकान है। जिसपर उसके भाई बैठते हैं। 15 नवंबर, 2014 को वह दुकान पर पहुंचे तो ताले टूटे मिले। दुकान से एलईडी, इलेक्ट्रॉनिक चिमनी, जूसर, मिक्सर समेत काफी सामान गायब था। वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने भरतपुर, गरीनेगी निवासी अमित कुमार पुत्र जबर सिंह को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद किया था। अभियोग पत्र दायर होने पर अदालत ने आरोपी अमित को कोर्ट में तलब किया। अभियोजन की ओर से कई गवाह परीक्षित कराए गए। बचाव पक्ष की ओर से पैरवी अधिवक्ता धर्मेंद्र तुली एडवोकेट ने की। दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट दीप्ति सिंह ने आरोपी अमित को दोषमुक्त कर दिया।

साइबर ठगों ने बार के पूर्व सचिव के खातों से तीन लाख उड़ाए…साइबर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

काशीपुर। काशीपुर बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अफसर अली खां के बैंक खातों से साइबर ठगों ने करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। अधिवक्ता ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला अली खां निवासी पूर्व बार सचिव अफसर अली खां एडवोकेट पुत्र मुन्ना खां ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनका सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, शाखा ठाकुरद्वारा में बचत खाता है। यह खाता काशीपुर शाखा के खाते से लिंक है। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान नाम की एक फाइल प्राप्त हुई थी, जो अनजाने में इंस्टॉल हो गई। इसी के सहारे ठगो ने 28 से 30 सितंबर के बीच उनके खाते से 2 लाख रुपये, 95 हजार, 5 हजार, 99 हजार और एक हजार रुपये की रकम बारी बारी से निकाल ली। इसी प्रकार तीन अक्टूबर को उनके पंजाब नेशनल बैंक, काशीपुर शाखा के खाते से 80 हजार, 10 हजार और 10 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। कुल मिलाकर उनके खातों से तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। साइबर ठगों ने एप के माध्यम से मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खातों तक पहुंच बनाई गई। घटना का पता चलते ही उन्होंने दोनों बैंकों के टोल फ्री नंबरों पर कॉल कर खाते ब्लॉक कराए और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट, एसएमएस व ट्रांजैक्शन डिटेल भी उपलब्ध कराईं। पीड़ित ने पुलिस से अनुरोध किया है कि अज्ञात साइबर ठगों के खातों को ट्रेस कर उनकी संपत्ति जब्त की जाए और धोखाधड़ी की गई धनराशि उन्हें वापस दिलाई जाए।

उलेमाओं ने की पुलिस पर हमले की निंदा, एसपी सिटी से मिले उलेमा,….. कहा, बेकसूरों की न हो गिरफ्तारी


काशीपुर। अल्ली खां मोहल्ले में जुलूस के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ हुई अभद्रता और हमले के प्रकरण में उलेमाओं का एक प्रतिनिधिमंडल हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन के नेतृत्व में एसपी सिटी अभय कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने इस घटना के सख्त भर्त्सना करते हुए एसपी सिटी से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और निर्दोषों को हिरासत में न लेने की मांग की।

बृहस्पतिवार को राज्य हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन मौलाना जाहिद रजा रिज़वी, शहर इमाम मुफ्ती मुनाजिर हुसैन, मौलाना हाशमी नूरी, मशरूर इस्लामी, मुफ्ती कासिम अशरफी, अल्पसंख्यक कल्याण समिति के अध्यक्ष अय्यूब खान, सिब्ते नबी व हाजी फरमान आदि एसपी सिटी अभय कुमार सिंह से मिले। उनका कहना था कि कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ के चलते बिना अनुमति के जुलूस निकाला और नाबालिक बच्चों को बहका कर गुमराह किया। उस जुलूस में अल्ली खां अथवा शहर का कोई जिम्मेदार नेता और आलिम शामिल नहीं थे। बाहर से आए अराजक तत्वों ने माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया। सभी उलेमाओं ने उस घटना की कड़े शब्दों में निंदा कर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उलेमाओं ने कहा काशीपुर की अवाम ने हमेशा ही पुलिस प्रशासन का सहयोग किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने एसपी से अपील की है कि इस प्रकरण में बेगुनाह लोगों को हिरासत में न लिया जाए। इसे लेकर क्षेत्र में असुरक्षा और भय का वातावरण है। ऐसे में शांति और सुरक्षा लिए पुलिस प्रशासन के स्तर पर जरूरी काम किए जाएं। उन्होंने अपनी मांग को लेकर एसपी सिटी को ज्ञापन भी सौंपा। मौलाना जाहिद ने बताया कि एसपी सिटी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष के खिलाफ कार्यवाही नहीं की जाएगी।

स्टे ऑर्डर की अनदेखी का आरोप, नोटिस जारी

काशीपुर। स्टे ऑर्डर की अनदेखी करने के मामले में अदालत ने नोटिस जारी कर पुलिस अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस पर सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
आवास विकास कालोनी निवासी कविता सेठी पत्नी प्रवीन सेठी ने अपने अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल एडवोकेट के माध्यम से सिविल जज (सी.डी.) न्यायालय में दायर वाद किया था कि उनकी भूमि पर रिजवान सैफी कब्जे का प्रयास कर रहा है, जिस पर न्यायालय ने कविता सेठी के पक्ष में स्टे आदेश पारित किया।कविता सेठी के अनुसार जब वह 16 सितंबर को स्टे आदेश लेकर मौके पर पहुंचीं तो पुलिस ने आदेश की अवहेलना करते हुए उनके पुत्र और साथ गये लोगों को थाने ले जाकर उनका पुलिस एक्ट में चालान कर दिया। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने भी पुलिस को आदेश अनुपालन का लिखित निर्देश दिया, मगर पुलिस ने आदेश का पालन नहीं किया। कविता सेठी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों व रिजवान सैफी के खिलाफ न्यायालय अवमानना याचिका दाखिल की। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आईटीआई थानाध्यक्ष, पैगा चौकी प्रभारी व रिजवान को नोटिस जारी कर उन्हें आगामी 25 सितंबर को अपना पक्ष रखने को कहा हैं। वहीं, आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला का कहना है कि भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण राजस्व विभाग के स्तर से होता है। उनके लिए कब्जा दिलाने से संबंधित कोई आदेश नहीं था। पुलिस का काम शांति व्यवस्था बनाए रखने का है। विवाद होने की स्थिति में उन्होंने दोनों पक्षों को पाबंद मुचलका किया है।

अदालत के बाहर हत्या करने के आरोपी को उम्रकैद.. अधिवक्ताओं के चेम्बर्स साफ करता था पप्पू

काशीपुर। मामूली कहासुनी में कोर्ट के पास गोली मारकर एक युवक की हत्या करने के आरोपी को द्वितीय एडीजे की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। जबकि मृतक का मोबाइल गायब करने के मामले में भी आरोपी को दो साल की कैद हुई है। अदालत ने आरोपी पर 55 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
पाकीजा कालोनी जसपुरखुर्द निवासी पप्पू पुत्र बुद्धसैन कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के चेम्बर्स की साफ सफाई करने का कार्य करता था। 29 जून 2015 की रात करीब नौ बजे कोर्ट स्थित पीपल के पेड़ के नीचे पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका मोबाइल भी गायब था। इस मामले में मृतक की बहन मंजू ने आईटीआई थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या करने के आरोपी जसपुरखुर्द निवासी नासिर पुत्र अमीर हुसैन को 02 जुलाई, 2015 को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया। इस केस की विवेचना तत्कालीन थाना अध्यक्ष हरेंद्र चौधरी ने की। बाद में यह केस मानव वध सेल को ट्रांसफर कर लिया गया। विवेचना अधिकारी केएस अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 व 404 के तहत अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। अभियोजन की ओर से एक दर्जन गवाहों को परीक्षित कराया गया। सभी ने अभियोजन के कथानक का समर्थन किया। एफएसएल जांच में हत्या में प्रयुक्त बुलेट बरामद तमंचे से चलने की बात सामने आई। अभियोजन की ओर से पैरवी एडीजीसी रतन सिंह कांबोज ने की। गवाहों और सबूतों का परिशीलन कर अदालत ने आरोपी नासिर को हत्या करने का दोषी करार दिया। द्वितीय एडीजे रितेश श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी को धारा 302 में उम्रकैद और धारा 404 में 2 साल की सजा सुनाई है। साथ ही इन धाराओं में आरोपी पर क्रमश 50 और 05 हजार रुपए का जुर्माना भी डाला है।