त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर उत्तराखंड हाईकोर्ट ने लगाई रोक
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर रोक लगा दी है।
राज्य चुनाव आयोग ने एक दिन पूर्व ही पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी और इसी के साथ आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई थी। सरकार के इस निर्णय को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर मुख्य न्यायाधीश जी नरेंदर और जस्टिस आलोक मेहरा की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई हुई।
इससे पूर्व हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में सरकार से संबंधित नियमावली व 11 जून को जारी आदेश पर जबाव मांगा था। सरकार के जवाब से संतुष्ट न होने पर हाईकोर्ट ने चुनाव पर रोक लगा दी। हाईकोर्ट के इस निर्णय से फिलहाल राज्य में पंचायत चुनावन पर ब्रेक लग गया है।
बागेश्वर निवासी गणेश दत्त कांडपाल व अन्य ने हाईकोर्ट में ये याचिकाएं दायर की हैं। जिसमें पंचायत चुनाव के लिए लागू आरक्षण रोटेशन को शून्य घोषित करते हुए इस वर्ष से नया रोटेशन लागू करने का निर्णय लिया है। जबकि हाईकोर्ट ने पहले से ही इस मामले में दिशा निर्देश दिए हैं। याचिकाकर्ताओं की ओर से कहा गया कि इस आदेश से पिछले तीन कार्यकाल से जो सीट आरक्षित वर्ग में थी, वह चौथी बार भी आरक्षित कर दी गई है।
पत्नी को चाकू घोपने का आरोपी पति शादाब गिरफ्तार… खाना बनाने के विवाद में चाकू से गोदकर की थी हत्या

गदरपुर। पत्नी की हत्या करने के आरोपी शादाब को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है।
21 जून 2025 की शाम लगभग 6:30 बजे इस्तकार (निवासी मीरापुर मीरगंज, रामपुर) ने थाना गदरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बहनोई शादाब, ससुर नवाब हुसैन,देवर नदीम और समद ने मिलकर उसकी बहन मुर्सलीन जहां को प्रताड़ित किया और फिर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के लिए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। महज 24 घंटे के भीतर ही पुलिस टीम ने अभियुक्त शादाब निवासी धीमरखेड़ा, गदरपुर को मोतियापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। शादाब ने बताया कि वह नशा करता है। खाना मांगने को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते शादाब ने अपनी पत्नी मुर्सलीन के पेट में चाकू से तीन-चार वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
है।
कांग्रेस नेता रवि पपनै पर हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

काशीपुर। कांग्रेस नेता रवि पपनै पर बीते दिनों हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरा आरोपी अब भी फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बताया कि हमला रंजिशन किया गया था और मुख्य आरोपी अयान शेख एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
बतादें कि 16 जून की रात करीब 11 बजे की है जब कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं कुमाऊं आईटी सेल के संयोजक रवि पपनै सैनिक कॉलोनी में कृष्णा हॉस्पिटल के पीछे स्थित फर्नीचर की दुकान के सामने स्लैब पर बैठकर मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे। तभी तीन नकाबपोश युवक पीछे से आए और बेल्ट से हमला कर दिया। इस हमले में रवि पपनै को आंख, नाक, होठ, हाथ, पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। घटना की तहरीर मिलने के बाद आईटीआई थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 131, 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। काशीपुर अभय सिंह व सीओ दीपक कुमार के पर्यवेक्षण में दो टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि हमला अयान शेख पुत्र जावेद निवासी कोर्ट के पास जसपुर खुर्द, सौरभ दिवाकर पुत्र स्व. सुरेश दिवाकर निवासी दुर्गा कॉलोनी जसपुर खुर्द, और हर्षित राणा निवासी गढ़वाल सभा जसपुर खुर्द ने किया था। मुख्य आरोपी अयान शेख ने पूछताछ में बताया कि कुछ महीने पहले एक युवक से उसका विवाद हुआ था, जिसमें रवि पपनै ने उस युवक का पक्ष लिया था। इसी बात को लेकर वह रवि से रंजिश रखता था और मौका देखकर हमला कर दिया। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चैती मैदान से अयान शेख और सौरभ दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि तीसरा आरोपी हर्षित राणा वारदात के समय बाइक पर बैठा रहा और फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक पुष्कर दत्त भट्ट, कांस्टेबल नीरज शुक्ला और गिरीश विद्यार्थी शामिल रहे।
हाईकोर्ट के आदेश पर जसपुरखुर्द में हटेगा अतिक्रमण, पीडब्ल्यूडी ने दिया नोटिस कुंडेश्वरी रोड पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
काशीपुर। पुरानी अनाज मंडी-चैती मेला मार्ग पर एक व्यक्ति द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर पीडब्ल्यूडी ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने नोटिस जारी कर 10 दिनों में अवैध कब्जा हटाने को कहा है।
सुनील यादव ने नैनीताल उच्च न्यायालय में रिट दायर कर कहा था कि जसपुरखुर्द निवासी जसवीर सिंह ने कुंडेश्वरी रोड पर अस्थाई निर्माण कर अतिक्रमण किया हुआ है। याचिका पर सुनवाई कर हाइकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए है। पारित आदेश के अनुपालन में लोनिवि ने नोटिस जारी कर जसवीर सिंह द्वारा अनाज मंडी-चैती मेला मार्ग के किलोमीटर 100/200 पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करते हुए पक्का निर्माण, बाउंड्रीवाल, चबूतरा आदि अवैध अतिक्रमण को दस दिनों में हटाने का निर्देश दिया है। नोटिस में अतिक्रमण न हटाने पर पुलिस बल की सहायता से लेने की चेतावनी दी गई है। इस कार्यवाही पर आने वाला खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।
सड़क दुर्घटना में स्टोन क्रेशर स्वामी समेत दो की मौत

काशीपुर। एनएच पर हुई सड़क दुर्घटना में स्टोन क्रेशर स्वामी समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
ग्राम वीरपुर लच्छी निवासी स्टोन क्रेशर के स्वामी दिलबाग सिंह पुरेवाल व उनके दोस्त चैती गांव निवासी जसविंदर सिंह जस्सा शुक्रवार की रात करीब साढे नौ बजे रुद्रपुर से अपनी इनोवा कार से घर आ रहे थे। सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र नेशनल हाईवे स्थित ढिल्लों ढाबा के पास उनकी इनोवा कार को अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और ट्रैक्टर ट्राली भी पलट गई। वहीं घटना के बाद दिलबाग सिंह पुरेवाल और जस्सा सिंह की मौके पर मौत हो गई। दोनों की मृत्यु की खबर से उनके परिवार वालों व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक बार फिर टल सकते हैं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव… आरक्षण रोस्टर को लेकर दायर याचिका पर हाईकोर्ट ने मांगा सरकार से जवाब
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए निर्धारित किये गए आरक्षण रोटेशन प्रक्रिया को चुनौती देती याचिकाओं पर सुनवाई कर सरकार से जवाब मांगा है। सुनवाई की अगली तिथि सोमवार, 23 जून की तय की गई है।
पंचायत चुनाव में आरक्षण के निर्धारण को लेकर दायर याचिका की सुनवाई मुख्य न्यायधीश जी नरेंद्र व न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की खंडपीठ में हुई। बागेश्वर निवासी गणेश दत्त कांडपाल व अन्य ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि सरकार ने 9 जून 2025 को एक आदेश जारी कर पंचायत चुनाव के लिए नई नियमावली बनाई। साथ ही 11 जून को आदेश जारी कर अब तक पंचायत चुनाव के लिए लागू आरक्षण रोटेशन को शून्य घोषित करते हुए इस वर्ष से नया रोटेशन लागू करने का निर्णय लिया है। हाईकोर्ट ने पहले से ही इस मामले में दिशा निर्देश दिए हैं।
याचिकाकर्ता का कहना है कि इस आदेश से पिछले तीन कार्यकाल से जो सीट आरक्षित वर्ग में थी वह चौथी बार भी आरक्षित कर दी गई है। जिस कारण इच्छुक लोग पंचायत चुनाव में भाग नहीं ले पा रहे हैं। इस मामले में सरकार की ओर से बताया गया कि इसी तरह के कुछ मामले एकलपीठ में भी दायर हैं। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कहा उन्होंने खंडपीठ में 9 जून को जारी नियमों को भी चुनौती दी है। साथ ही एकलपीठ के समक्ष केवल 11 जून के आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें अब नए सिरे से आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। कोर्ट ने इस मामले में सरकार से जबाव मांगा है। मामले की सुनवाई 23 जून को होगी।
21 जून को आईएमए भवन कल्याणम में होगा योग शिविर… प्रसिद्ध योग गुरु चंद्र मोहन भंडारी देंगे प्रशिक्षण
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) काशीपुर शाखा की ओर से 21 जून, शनिवार को प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक रामनगर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित आईएमए भवन ‘कल्याणम’ में आयोजित होगा।
शिविर का नेतृत्व देश के प्रसिद्ध योग गुरु चंद्रमोहन भंडारी करेंगे। भंडारी के मार्गदर्शन में योगाभ्यास कराते हुए नागरिकों को तन, मन और जीवनशैली को संतुलित एवं ऊर्जावान बनाने की प्रेरणा दी जाएगी। आईएमए अध्यक्ष डॉ यशपाल सिंह रावत और सचिव डॉ एके बंसल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर योग के माध्यम से स्वास्थ्यवर्धक जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। आईएमए काशीपुर ने इस आयोजन के माध्यम से आम जनमानस को योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया है।
———————————————–
कांग्रेस ने अलका पाल को बनाया अल्मोड़ा लोकसभा का प्रभारी

काशीपुर। वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री, पीसीसी सदस्य अलका पाल को कांग्रेस हाई कमान में अल्मोड़ा संसदीय सीट का प्रभारी बनाकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का दायित्व दिया है। उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अलका पाल को कांग्रेस संगठन ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए अल्मोड़ा_पिथौरागढ़ संसदीय सीट का प्रभारी बनाकर पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में उनको कार्य करने का निर्देश दिया। महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा,राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी.वेणुगोपाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। इस विषय में कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने बताया कि वह शीघ्र ही अल्मोड़ा_पिथौरागढ़ संसदीय सीट के चारों जनपद अल्मोड़ा_ बागेश्वर_ चंपावत_ पिथौरागढ़ के अंतर्गत आने वाली 13 विधानसभाओं का संघटनात्मक कार्यक्रम तय कर आगामी 2027 विधानसभा चुनावो की तैयारी के लिए संसदीय सीट पर सक्रिय रहेंगी। उनका उद्देश्य पूर्ण निष्ठा के साथ कांग्रेस पार्टी को 2027 विधानसभा चुनाव में विजय बनाना होगा।
काशीपुर में मानव तस्करों के कब्जे से मुक्त कराए 32 नेपाली… किराए के मकान में रखकर कराई जा रही थी मार्केटिंग
काशीपुर। काशीपुर पुलिस ने मानव तस्करों के चंगुल से 32 नेपालियों को मुक्त कराया है। यह नेपाली श्रमिक किराए के मकान में रखे गए थे। नेपाली युवकों और युवतियों को बंधक बनाकर उन्हें कंपनी के उत्पाद बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा था। इनमें तीन नाबालिक है।
नेपाल दूतावास के प्रतिनिधि नवीन जोशी (KIN इंडिया) द्वारा ट्रांजिट कैंप थाने में सूचना दी गई कि कुछ नेपाली नागरिकों को काशीपुर में किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर उनका मानसिक व शारीरिक शोषण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक महेश कांडपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी काशीपुर दीपक कुमार के निर्देशन में श्यामपुरम इलाके में छापेमारी की गई। पुलिस ने ओम विहार कॉलोनी में महाराज सिंह उर्फ पप्पू के मकान में दबिश दी, जहां 32 नेपाली नागरिकों को बंद कमरे से बरामद कर लिया। मौके पर मौजूद नेपाली दूतावास के प्रतिनिधि नवीन जोशी की उपस्थिति में सभी की पहचान कर सूची तैयार की गई। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें बिरेंद्र पुत्र छत्रशाही निवासी कपले,नेपाल और सचिन पुत्र शैलेन्द्र निवासी कूडालम्बी, नेपाल, हाल निवासी हरिओम पुष्कर आवास विकास द्वारा नौकरी के नाम पर बहला-फुसलाकर भारत लाया गया था। नौकरी का झांसा देकर उनसे 10 से 30 हजार रुपए तक की रकम वसूली गई। नेपाली नागरिकों ने बताया कि उनसे छह महीने पहले लीड विजन ट्रेडिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ट्रेनिंग करवाई गई। उसके बाद कंपनी के उत्पाद अपने पैसों से खरीदकर घर-घर बेचने को मजबूर किया गया। उन्हें न तो घर लौटने दिया गया और न ही किसी को सूचित कर सकते थे। खाना देकर एक किराए के मकान में बंद रखा गया। पुलिस ने घर की तलाशी में कंपनी के डेली यूज प्रोडक्ट्स बरामद किए। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। बरामद किए गए सभी नेपाली नागरिकों को समझाकर सुरक्षित रूप से नेपाल दूतावास के प्रतिनिधि नवीन जोशी के सुपुर्द किया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बिरेंद्र और सचिन के खिलाफ बीएनएस की धारा 127 (4)/318 (4)/137(2)/3(5) तथा बाल एवं किशोर श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 14 (a) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 79 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम में सीओ दीपक सिंह, उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, उपनिरिक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बवाडी, हेड कानि. अनिल कुमार, अपर उपनिरिक्षक पुष्कर भट्ट, कानि. योगेश पांडेय और नेपाल राज के दूतावास से आये नवीन जोशी शामिल रहे।
केक काटकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया

ठाकुरद्वारा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 55 वां जन्मदिन नगर कांग्रेस कमेटी ने कैंप कार्यालय राजीव मार्केट में केक काटकर एवं मिठाई बाटकर मनाया।

वहां पूर्व विधायक डॉक्टर मो उल्ला चौधरी,पीसीसी सदस्य संजीव सिंघल, कार्यवाहक नगरअध्यक्ष सादिक सिद्दीकी, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल अनुज वाल्मीकि,जिला महासचिव डॉ हनीफ,जिलासचिव हाजी मुस्तकीम,वसीम सभासद,पूर्व ब्लाक अध्यक्ष अबरार सैफी,यूथ नगर अध्यक्ष लारेव मंसूरी,जिला सचिव कांग्रेस सेवादल शोएब अख्तर, शेर मोहम्मद, भूरा नूर अली,फिरोज खान,अकबर सलमानी,सल्फाम सिद्दीकी, सावन अंसारी,जाहिर सिद्दीकी,फेसल सैफी,राहुल पाल,पंकज कुमार,रहीश भाई आदि मौजूद रहे।



