दरोगा से पदोन्नत हुए निरीक्षकों को मिली नई तैनाती. हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिथौरागढ़ भेजे गए भाकुनी
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे में प्रमोशन के बाद 78 निरीक्षकों का तबादला कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाने में तैनात नीरज भाकुनी को पिथौरागढ़ भेजा गया है। उधम सिंह नगर से पदोन्नत हुए निरीक्षकों का तबादला भी अन्य जनपदों में कर दिया गया है।
यह है पदोन्नत निरीक्षकों की तबादला सूची।


हल्द्वानी के फईम हत्याकांड में इंस्पेक्टर भाकुनी का तबादला जिले से बाहर करने का आदेश. जांच के लिए एसआईटी गठित करने के दिए निर्देश

नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने बनभूलपुरा हिंसा के दौरान गोली लगने से फईम की मौत के मामले में बनभूलपुरा थाने में तैनात इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी का तबादला जिले से बाहर करने के निर्देश दिए हैं।साथ ही मामले में एसआईटी से जांच कराने के निर्देश दिये हैं।
मामला 8 फरवरी को बनभूलपुरा में हुई हिंसा से जुड़ा है। इसमें गांधीनगर बनभूलपुरा निवासी फईम की मौत हो गयी थी। मृतक के भाई परवेज ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की मौत हिंसा में नहीं बल्कि उसके आधा दर्जन से अधिक पड़ोसियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
कहा, इस साजिश में हत्यारोपी का बेटा, उसके परिवार व अन्य लोग शामिल हैं। घटना के दिन मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ घर के बाहर एकत्र हुए और उनके वाहनों को आग लगा दी। जब फईम ने उसका विरोध किया तो पड़ोसी ने गोली मार दी। आरोपियों पर इस बीच घर में घुसकर सामान लूटा। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस प्रकरण में दायर याचिका पर सुनवाई कर मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र और न्यायमूर्ती आलोक मेहरा की खण्डपीठ ने मामले की जाँच के दौरान इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी का जिले से बाहर तबादला करने को कहा है। पूर्व में न्यायालय ने सख्त लहज़े में कहा कि जिम्मेदार अधिकारी खुद इस मामले की जाँच कर रहा है और अंतिम रिपोर्ट भी खुद ही पेश कर रहा है। यह अपने आप में एक अनोखी जांच की जा रही है। जबकि आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप लगे हुए हैं।
मोटर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 13 मोटरें बरामद, दो गिरफ्तार

काशीपुर। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए किसानों के खेतों से चुराई गई 13 मोटर्स बरामद की है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया हैं।
12 जून 2025 को मलकीत सिंह पुत्र गुरमेज सिंह, निवासी जुडका नं. 1 कुण्डेश्वरी, काशीपुर ने अपने खेत से पानी की मोटरें चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गोविंद नगर निवासी गुरजीत सिंह उर्फ गित्तू पुत्र त्रिलोचन सिंह और भजन सिंह पुत्र नत्थन सिंह को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 13 पानी की मोटरें बरामद कीं। टीम में प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा, एसआई संतोष देवरानी, देवेंद्र सामंत, कांस्टेबल जगदीश पपनै,कांस्टेबल किशोर फर्त्याल, वीरेंद्र बिष्ट आदि शामिल थे।
..सरे राह पीटकर वायरल कर दी गई नेता जी की वीडियो… आखिर किसने भेजे थे घेरकर पीटने वाले नकाबपोश?? रवि ने लाइव आकर कहा, लोकतंत्र में आवाज दबाने की साजिश
.

काशीपुर। महापौर की कार्यशैली को निशाने पर लेने के साथ ही कुछ सोशल मीडिया कर्मियों की आलोचना करने वाले कांग्रेस नेता को घेरकर कुछ नकाबपोश ने तबियत से पीटा और उनकी पिटाई की वीडियो भी वायरल कर दी। रवि का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, सिर्फ उनकी आवाज दबाने के लिए ऐसा किया गया है। इस मामले में आईटीआई थाने में शिकायत की गई है।
पूर्व में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए वार्ड नंबर दो निवासी रवि पपनै पार्षद पद का चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल वह कांग्रेस में आईटी सेल के प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पपनै पिछले कुछ दिनों से महापौर दीपक बाली की कार्यशैली को लेकर सोशल मीडिया पर मुखर हैं। महापौर को कवरेज करने वाले कुछ मीडिया कर्मी भी उनके निशाने पर है। पपनै मीडिया कर्मियों का नाम लेकर उन्हें चाटुकार बताने से भी गुरेज नहीं करते। सोमवार रात करीब दस बजे चार पांच नकाबपोश युवकों ने दुर्गा कालोनी में रवि को घेर लिया और बेल्टों से उनकी ताबड़तोड़ पिटाई की। रवि का कहना है कि हमलावरों ने उसकी पिटाई की वीडियो बनाकर खुद ही वायरल भी कर दी। हमलावर कौन थे? और किसके इशारे पर उसे पीटने आए थे? यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन उसे सबक सिखाने के इरादे से ही हमला किया गया है। कहा कि लोकतंत्र में आवाज को दबाने के लिए इस तरह के हमले कायरता है। रवि ने साफ किया कि वह महापौर के बारे में पर्सनली जानते हैं, महापौर किसी भी दशा में ऐसा नहीं करा सकते। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ जाकर आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर दे दी है।
सरपट दौड़ रही बाइक पर युगल कर रहा था रोमांस….ट्रैफिक पुलिस ने 53,500 रुपए का चालान कटा

नोएडा। चलती बाइक पर युवक से लिपटकर बैठी युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले में ट्रैफिक पुलिस ने 53500 रुपये का चालान काटा है। वायरल वीडियो यमुना एक्सप्रेसवे का बताया जा रहा है।
दरअसल, रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने एक वीडियो पोस्ट कर ट्रैफिक पुलिस से शिकायत की। वीडियो में देखा गया कि एक युवती बाइक चला रहे युवक से लिपटी हुई है। युवती बाइक की टंकी पर बैठी हुई थी। जबकि नियम के तहत युवती को बाइक पर हेलमेट लगाकर पीछे बैठना चाहिए था।उक्त बाइक के पीछे चल रही एक कार सवार ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ट्रैफिक पुलिस से शिकायत कर दी। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा तो ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और मामले में सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन न करने पर 53500 रुपये का भारी भरकम चालान काट दिया।
मतभेद भुलाकर साथ आए विधायक और महापौर, गले मिले. दोनों ने साथ मिलकर काशीपुर का विकास करने का लिया संकल्प

काशीपुर। चौराहों के नाम बदलने को लेकर आमने सामने आए विधायक और महापौर ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं। काफी समय बाद दोनों एक मंच पर दिखे। आपस में गले मिले और साथ मिलकर विकास करने का संकल्प दोहराया।
महापौर दीपक बाली ने काशीपुर के चीमा चौराहे समेत कुछ स्थलों का नाम बदलने की घोषणा की थी। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के पिता पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने इसका विरोध कर महापौर दीपक बाली की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। तभी से विधायक और महापौर खेमे के बीच शीत युद्ध की स्थिति बनी हुई थी। सोमवार को निगम सभागार में पार्षदों की मौजूदगी में दोनों नेता मतभेद भुलाकर साथ आए और शहर के विकास में सहभागी करने का संकल्प लिया।
माहापौर बाली ने बताया कि निर्णय लिया गया है कि प्रतिदिन रात के समय मुख्य सड़कों की सफाई रोजाना की जाएगी। ताकि दुकानदारों का व्यापार प्रभावित न हो। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि महापौर बाली ने चुनाव के दौरान विकास के जो वायदे किए थे उन्हें वह पूरा कर रहे हैं। इस मौके पर पार्षद पुष्कर बिष्ट, अंजना आर्य, दीपा पाठक, रवि प्रजापति, सरफरोज सैफी, राशिद फारुकी, वैशाली गुप्ता, अनूप सिंह, अभिषेक वर्धन, प्रिंस वाली, अनीता कंबोज, संदीप सिंह उर्फ मोनू , सीमा सागर, मयंक मेहता अशोक सैनी,विजय बाबी, मोहम्मद शरीफ चौधरी, मनोज जगा समरपाल सिंह, प्रकाश नेगी, घनश्याम सैनी इरफान गुड्डू, मोहम्मद सादिक आदि मौजूद रहे।
देहरादून में सम्राट पृथ्वीराज चौहान ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक महेश सिंह चौहान व प्रिंसिपल डॉ. राजकुमार सम्मानित

देहरादून। उमा एंटरटेनमेंट एंड एडवरटाइजिंग संस्था द्वारा होटल हयात रीजेंसी में “मंथन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तराखंड सरकार के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार और यूसीसी सदस्य मनु गौर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, काशीपुर के प्रबंध निदेशक श्री महेश सिंह चौहान और नर्सिंग प्रिंसिपल डॉ. राजकुमार चौधरी को नर्सिंग के विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।।यह आयोजन न केवल उत्कृष्ट सेवाओं को पहचान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण था, बल्कि उत्तराखंड के विकास में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए भी एक मंच प्रदान किया।
काशीपुर की जरूरतों को लेकर फिर सीएम से मिले महापौर बाली. सीएम धामी को फिर थमाया मांगो का पुलिंदा

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में शिष्टाचार भेंट कर काशीपुर नगर क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और भविष्य की योजनाओं के लिए बजट की दरकार बताई।
शुक्रवार रात सीएम आवास में मिले महापौर बाली ने काशीपुर के समुचित कचरा प्रबंधन के लिए 40 कूड़ा निस्तारण गाड़ियों की उपलब्धता, 5000 स्ट्रीट लाइट्स की आवश्यकता, नाले-नालियों के निर्माण व सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, गौशाला निर्माण, शहर के 8 प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, ₹46 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड एडमिनिस्ट्रेटिव भवन के निर्माण, गिरिताल झील क्षेत्र के 25 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण और 5 सार्वजनिक पार्कों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार जैसे प्रमुख विषय सीएम धामी के सम्मुख रखे। महापौर ने इन सभी प्रस्तावों के लिए राज्य सरकार से आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर नगर के चहुंमुखी विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि नगर निगम द्वारा प्रस्तुत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर विचार में लिया जाएगा। महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से काशीपुर को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रस्तावित योजनाओं के पूरा होने पर नगरवासियों को आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
उत्तराखंड सरकार की नीति से ही संचालित होंगे मदरसे: कासमी. उत्तराखंड मदरसा एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन ने की वक्फ बिल की हिमायत

काशीपुर। उत्तराखंड मदरसा एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन मुफ्ती समउन कासमी ने कहा है कि सरकार शिक्षा को विकासोन्मुखी बनाने की दिशा में प्रयासरत है। मदरसों के संचालन के लिए नीति तय कर दी गई है। राज्य में अवैध मदरसों का संचालन किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा।
मुफ्ती कासमी शनिवार को ताज कालोनी स्थित एमडीएस पब्लिक स्कूल में मदरसा संचालकों को उत्तराखंड सरकार द्वारा तय गाइड लाइन की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस रुख की भी सराहना की, जिसके तहत अवैध और बिना पंजीकरण के चल रहे मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम मदरसा शिक्षा को सुधारने और छात्रों के शोषण को रोकने की दिशा में उठाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के साथ विधिवत पंजीकृत मदरसों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही है, बल्कि उन्हें और अधिक सशक्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुफ्ती कासमी ने वक्फ बिल और समान नागरिक संहिता की भी हिमायत की। कहा कि यूसीसी इस्लाम के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सभी समुदायों के लिए समान अधिकार और कर्तव्यों की भावना को बढ़ावा देगा। इस मौके पर एमडीएस के पब्लिक स्कूल के स्वामी मौलाना हाशमी समेत अन्य मदरसा संचालकों ने मुफ्ती शमून का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन, भाजपा नेता युनुस चौधरी ने भी विचार रखे। जलसे की सदारत उत्तराखंड हज कमेटी और मदरसा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन मौलाना जाहिद रजा रिजवी ने की। वहां मौलाना इरफानूल हक खटीमा,मुफ्ती ग़ुलाम मुस्तफा नईमी रामनगर,मुफ्ती शमीम जसपुर,निजाम अख्तर किलाखेड़ा, मुफ्ती इंसाफ रामनगर, तालिब अली खान आदि मौजूद थे।
काशीपुर के सरकारी अस्पताल को मिले सर्जन और फिजिशियन डॉक्टर* डॉ.चंद्रा पंत काशीपुर की नई सीएमएस होंगी.*स्वास्थ्य विभाग ने नियुक्त किए 29 नये विशेषज्ञ चिकित्सक*
काशीपुर। करीब डेढ़ दशक के लंबे इंतजार के बाद काशीपुर के सरकारी अस्पताल में फिजिशियन डॉक्टर की तैनाती कर दी गई है। डॉक्टर कीर्ति मेहता को काशीपुर के राजकीय हॉस्पिटल में तैनाती दी गई है। जबकि तनुज सिंह तोमर को यहां सर्जन नियुक्त किया गया है। काशीपुर के सीएमएस डॉक्टर राजीव चौहान को लोहाघाट भेजा गया है। उनके स्थान पर डॉक्टर चंद्रा पंत को सीएमएस नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 29 और विशेषज्ञ चिकित्सक मिले हैं। इनकी तैनाती का अनुमोदन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दे दिया है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नविता तिवारी को सीएमओ नैनीताल के अधीन भेजा गया है। डॉ. जूही शर्मा को उप जिला चिकित्सालय रामनगर और डॉ. कविता भण्डारी को जिला चिकित्सालय बौराड़ी टिहरी में तैनाती दी गई है। फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहता को उप जिला चिकित्सालय काशीपुर में तैनाती दी गई है। डॉक्टर गीता यशपाल की मृत्यु के बाद काशीपुर अस्पताल में फिजिशियन का पद रिक्त थम डॉ. राकेश जोशी को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट, डॉ. मधुमिता बिष्ट व डॉ. प्रखर शर्मा को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी, डॉ. ज्ञानेश्वर यादव को उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर और डॉ. राशि रंजन कुकरेती को उप जिला चिकित्सालय रूड़की में तैनाती दी गई है। इसी प्रकार फेमिली मेडिसिन में डॉ. रजत डोभाल को जिला चिकित्सालय बौराड़ी व डॉ. अभिषेक अनेजा को जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रूचिका भट्ट को जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग और डॉ. जितेन्द्र जोशी को जिला चिकित्सालय चम्पावत में तैनाती दी गई है। इसी प्रकार सर्जन में डॉ. मंयक नौटियाल को उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार, डॉ. मयंक चौहान को जिला चिकित्सालय पौड़ी गढ़वाल, डॉ. शादा अली को जिला चिकित्सालय नैनीताल, डॉ. वमिक रहमान को जिला चिकित्सालय हरिद्वार, डॉ. निशांत पाण्डेय जिला चिकित्सालय रूद्रपुर तथा डॉ. तनुज सिंह तोमर को उप जिला चिकित्सालय काशीपुर में भेजा गया है। निश्चेतक डॉ. निकिता रमोला को सामु. स्वा. केन्द्र पुरोला, डॉ. ऋत्विक रजत को उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार, डॉ. नेहा चौहान को उप जिला चिकित्सालय थलीसैण तथा डॉ. शैलेन्द्र कुमार बड़थ्वाल को जिला चिकित्सालय बौराड़ी में तैनाती दी गई है। इसी प्रकार पैथोलॉजिस्ट डॉ. सिद्धार्थ त्यागी को जिला चिकित्सालय चम्पावत, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अंकुश रावत को उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में तैनाती दी गई है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. योगिता को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी तथा डॉ. शिखा टोलिया को जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में तैनाती दी गई है। इसी प्रकार ईएनटी डॉ. शशांक अधिकारी को जिला चिकित्सालय चम्पावत तथा डॉ. अनुभव अग्रवाल को उप जिला चिकित्सालय रूड़की में तैनाती दी गई है।



